
कानपुर नगर। घाटमपुर तहसील क्षेत्र में जमीन को लेकर चल रहे विवाद के बीच खेत में खड़ी लाही की फसल को ट्रैक्टर से जोतकर नष्ट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने दो लोगों पर दबंगई के बल पर फसल बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए करीब 50 हजार रुपये का नुकसान होने की बात कही है। मामले में उप जिलाधिकारी घाटमपुर ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, वीरपुर गांव निवासी संजय सिंह पुत्र मोहन सिंह की जमीन घाटमपुर तहसील क्षेत्र के गुच्चूपुर गांव में स्थित है। किसान संजय सिंह का कहना है कि उन्होंने करीब एक माह पहले अपने खेत में लाही की फसल की बुवाई की थी। फसल धीरे-धीरे तैयार हो रही थी। आरोप है कि 2 नवंबर 2026 को दोपहर करीब एक बजे योगेश मानवानी पुत्र चंद्रपाल मानवानी निवासी दबौली, कानपुर और नफीस पुत्र शमशाद निवासी आशानगर, घाटमपुर खेत पर पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने ट्रैक्टर से खेत में खड़ी लाही की फसल को जोतकर नष्ट कर दिया।
पीड़ित किसान के मुताबिक, इस घटना में उसकी पूरी फसल बर्बाद हो गई, जिससे उसे लगभग 50 हजार रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। घटना के बाद संजय सिंह ने उप जिलाधिकारी घाटमपुर अविचल प्रताप सिंह को शिकायती पत्र देकर आरोपितों के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की है।
न्यायालय में विचाराधीन है जमीन का विवाद
शिकायतकर्ता ने बताया कि संबंधित जमीन को लेकर उसके पिता के साथ न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। अभी तक अदालत की ओर से कोई अंतिम फैसला नहीं सुनाया गया है। किसान का दावा है कि न्यायालय में विवाद पहुंचने से पहले से ही संबंधित भूमि पर उसका कब्जा रहा है। इसके बावजूद विपक्षी पक्ष कथित तौर पर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है।
फिलहाल, शिकायत के आधार पर एसडीएम घाटमपुर अविचल प्रताप सिंह ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि खेत में खड़ी फसल किन परिस्थितियों में नष्ट की गई और मामले में किसकी जिम्मेदारी बनती है।











