
कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में नई पहल की है। विश्वविद्यालय के सरस्वती गर्ल्स हॉस्टल में मंगलवार को कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने बायोगैस संयंत्र का शुभारंभ किया। इसके माध्यम से रसोई और मेस से निकलने वाले जैविक कचरे से बायोगैस और जैविक खाद तैयार की जाएगी।
संयंत्र की क्षमता प्रतिदिन 25 से 50 किलोग्राम जैविक कचरे के प्रसंस्करण की है। इससे रोजाना लगभग पांच से दस घन मीटर कच्ची बायोगैस का उत्पादन हो सकेगा। संयंत्र में अवायवीय पाचन तकनीक से जैविक कचरे को मीथेन युक्त गैस में बदला जाएगा। प्रक्रिया के बाद निकलने वाले अवशेष का उपयोग जैविक खाद के रूप में किया जाएगा।
कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि कचरे को समस्या के बजाय संसाधन के रूप में देखने की जरूरत है। ऐसे नवाचार पर्यावरण संरक्षण के साथ ऊर्जा आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा देते हैं। विश्वविद्यालयों को पर्यावरण अनुकूल तकनीकों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के प्रयास करने चाहिए।
यह संयंत्र ‘वेस्ट टू एनर्जी’ और ‘वेस्ट टू वेल्थ’ की अवधारणा पर आधारित है। इससे परिसर में कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण होने के साथ पारंपरिक ईंधनों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। विद्यार्थियों को नवीकरणीय ऊर्जा और सतत अपशिष्ट प्रबंधन की तकनीकों को समझने का अवसर भी मिलेगा।
कार्यक्रम में प्रो. वर्षा गुप्ता, डॉ. अजय पाण्डेय, मुख्य वार्डन प्रो. बीपी सिंह, श्रीमती ऐश्वर्या आर्य, डॉ. ममता तिवारी, डॉ. प्रशांत, डॉ. अरुण गुप्ता, डॉ. श्रवण कटियार, डॉ. रश्मि दुबे, डॉ. विशाल चंद्र और सुश्री तनिषा वाधवान सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी तथा हॉस्टल के वार्डन मौजूद रहे।












