
कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के इंस्टीट्यूट ऑफ फाइन आर्ट्स के विद्यार्थियों ने जनपद स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों प्रमुख स्थानों पर कब्जा जमाया। आस्तिक चौधरी ने प्रथम, रवि प्रताप सिंह ने द्वितीय और शशांक दुबे ने तृतीय स्थान हासिल कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले आस्तिक चौधरी का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है।
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, कानपुर नगर की ओर से मंगलवार को बीएनएसडी शिक्षा निकेतन, बेनाझाबर रोड पर विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग (वीबीवाईएलडी) 2026-27 के तहत प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस वर्ष उत्सव की थीम ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रखी गई थी। इसमें प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विद्यार्थियों की उपलब्धि पर कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि युवा उत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के साथ उनमें सामाजिक जागरूकता, सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करते हैं।
संस्थान के निदेशक डॉ. मिठाई लाल सहित शिक्षकों और विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने भी विद्यार्थियों की सफलता पर हर्ष जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।












