
कानपुर नगर। शहर में सामाजिक कार्यों के लिए चर्चित एमएमए जौहर फैंस एसोसिएशन के जफर हयात हाशमी ने अब कैंट विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का मन बना लिया है। लखनऊ उजाला और फाइटर जी कहींन की टीम से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि पहले उनकी विधानसभा चुनाव लड़ने की कोई मंशा नहीं थी, लेकिन क्षेत्र की जनता के लगातार आग्रह और अपने प्रति विश्वास को देखते हुए उन्होंने चुनावी मैदान में उतरने का निर्णय लिया है।
जफर हयात हाशमी का कहना है कि कैंट विधानसभा क्षेत्र के जाजमऊ, पोखरपुर और गदियाना सहित विभिन्न इलाकों के लोग उन्हें जनप्रतिनिधि के रूप में देखना चाहते हैं। उनके मुताबिक, हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समेत सभी वर्गों के लोगों की ओर से उन्हें चुनाव लड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कोरोना काल में सेवा को बताया अपनी ताकत
जफर हयात हाशमी ने अपने सामाजिक कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि कोरोना महामारी के दौरान जब लोगों को ऑक्सीजन के लिए परेशान होना पड़ रहा था, तब उनके संगठन ने पूरे शहर में निशुल्क ऑक्सीजन पहुंचाने का काम किया। उन्होंने दावा किया कि संगठन के प्रयासों से करीब एक हजार लोगों की जान बचाने में मदद मिली।
उन्होंने बताया कि कोरोना काल में जरूरतमंद परिवारों तक घर-घर राशन पहुंचाया गया। इसके अलावा गरीब बेटियों की शादी कराने और विभिन्न सहायता शिविरों के आयोजन के माध्यम से भी संगठन लगातार जनसेवा करता रहा है।
वर्तमान विधायक पर टिप्पणी से किया परहेज
प्रेसवार्ता के दौरान जब उनसे कैंट विधानसभा के वर्तमान समाजवादी पार्टी विधायक मोहम्मद हसन रूमी के कार्यों को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने सीधे तौर पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
जफर हयात हाशमी ने कहा कि वह वर्तमान विधायक के बारे में कुछ नहीं कहना चाहते, लेकिन यदि जनता उनसे चुनाव लड़ने का आग्रह कर रही है, तो इससे क्षेत्र की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता ऐसे प्रतिनिधि चाहती है, जो वातानुकूलित कमरों तक सीमित न रहें, बल्कि लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनें और उनका समाधान करें।
फिलहाल, जफर हयात हाशमी के चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद कैंट विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है। अब देखना होगा कि उनका यह फैसला आगामी चुनाव में कितना प्रभाव डालता है।
जो युवा नेता चुनाव लड़ना चाहते हैं और अपनी बात जनता के बीच रखना चाहते हैं हम (लखनऊ उजाला) और (फाइटर जी कहिन ) उनकी आवाज बनेगा ।










