
कानपुर। राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आगामी 20 नवंबर को कानपुर में आयोजित की जाएगी। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा। इसके बाद राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें दिव्यांगजनों और किन्नर समाज को राजनीतिक भागीदारी दिलाने के लिए प्रस्ताव पारित किया जाएगा।
राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार ने बताया कि जब तक दिव्यांगजनों को राजनीतिक भागीदारी नहीं मिलेगी, तब तक उन्हें उनका हक और अधिकार नहीं मिल सकेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार दिव्यांगजनों को असहाय और मजबूर बनाए रखना चाहती है।
वीरेंद्र कुमार ने कहा कि दिव्यांगजनों को नौकरी, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, रोटी, कपड़ा और मकान की शत-प्रतिशत गारंटी दिलाने के लिए सामाजिक समानता कानून बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सरकार इस दिशा में तैयार नहीं है। दिव्यांगजनों को राजनीतिक भागीदारी मिलने के बाद ही उनके अधिकारों के लिए कानून बनवाने में मदद मिलेगी।
12 राज्यों के पदाधिकारी होंगे शामिल
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि बैठक में 12 राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। इनमें मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, गोवा, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के प्रतिनिधि शामिल रहेंगे।
बैठक में दिव्यांगजनों के अधिकारों, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और सामाजिक समानता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
इस अवसर पर केंद्रीय कार्यालय प्रभारी राहुल कुमार, प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा अल्पना कुमारी, शंकर लाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।











