कमलेश फाइटर
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर चौकी अंतर्गत जगतपुर गांव में पत्नी के कथित विवाहेत्तर संबंधों के शक में एक पति ने अपनी 30 वर्षीय पत्नी सोनम राठौर को कुर्सी से बांधकर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी महिला की दर्दनाक मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी अपने दोनों मासूम बच्चों को लेकर घर से निकल गया। हालांकि, पुलिस ने बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस और मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक आरोपी की पहचान सुखबीर सिंह उर्फ मोनू (35) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि उसे अपनी पत्नी सोनम पर गांव के ही एक युवक से संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर पिछले कई दिनों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि सुखबीर ने पत्नी पर नजर रखना शुरू कर दिया था और मोबाइल फोन पर युवक से बातचीत को लेकर उसका संदेह और गहरा गया था।
पुलिस चौकी तक पहुंचा था विवाद
बताया जा रहा है कि घटना से करीब दो दिन पहले भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। मामला सिकंदरपुर पुलिस चौकी तक पहुंचा, जहां दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत कराई गई थी। इसके बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ और अगले दिन फिर दोनों के बीच कहासुनी हुई।
सुबह सात बजे दिया वारदात को अंजाम
गुरुवार सुबह करीब सात बजे विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। आरोप है कि सुखबीर ने सोनम को घर के अंदर कुर्सी से बांध दिया और उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घर से उठती आग की लपटें और धुआं देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। दमकलकर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जब घर के अंदर जाकर तलाशी ली गई तो सोनम के जले हुए अवशेष बरामद हुए।
दो बच्चों को लेकर निकला आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
वारदात के बाद आरोपी अपने सात वर्षीय बेटे और पांच वर्षीय बेटी को लेकर मौके से निकल गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के अनुसार, दोनों बच्चों को फिलहाल सोनम के मायके पक्ष की देखरेख में सौंपा गया है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। मामले में आरोपी से पूछताछ और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक कथित शक और घरेलू विवाद का अंत एक महिला की दर्दनाक मौत और दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठने के रूप में हुआ।









