
मतैया पुरवा की कुम्हार वाली गली में खूनी वारदात, चार मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
कानपुर नगर। काकादेव थाना क्षेत्र के मतैया पुरवा स्थित कुम्हार वाली गली में सोमवार दोपहर पड़ोसियों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि पड़ोसी रवि कुमार प्रजापति ने मजदूर राकेश को बेरहमी से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हालत बिगड़ने पर आरोपी उसे अस्पताल लेकर जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही राकेश ने दम तोड़ दिया। इसके बाद आरोपी अस्पताल में शव छोड़कर फरार हो गया था। मामले में काकादेव पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
मामूली विवाद में खूनी संघर्ष, बेरहमी से की गई पिटाई
मिली जानकारी के अनुसार, काकादेव थाना क्षेत्र के मतैया पुरवा स्थित कुम्हार वाली गली निवासी राकेश (35) पुत्र स्वर्गीय राजाराम मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। राकेश शादीशुदा था और उसके चार छोटे बच्चे हैं, जिनमें दो लड़के और दो लड़कियां हैं।
बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे राकेश और उसके पड़ोस में रहने वाले रवि कुमार पुत्र बबलू के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि रवि ने राकेश को इतनी बुरी तरह पीटा कि वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया।
गंभीर हालत में राकेश को अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत, आरोपी शव छोड़कर फरार
मृतक की मां शांति ने आरोप लगाया कि उनके ही परिवार के रवि कुमार ने उनके बेटे राकेश को बेरहमी से पीटा था। गंभीर हालत में आरोपी रवि ही राकेश को अस्पताल लेकर जाने लगा, लेकिन रास्ते में ही राकेश ने दम तोड़ दिया।
आरोप है कि राकेश की मौत के बाद रवि उसे अस्पताल में छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे और शव को घर ले आए। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
राकेश की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक की पत्नी मोनी, मां शांति और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है। राकेश अपने परिवार में अकेला कमाने वाला था और मजदूरी करके बच्चों का पालन-पोषण करता था।
परिजनों और स्थानीय लोगों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि अब राकेश के चार छोटे बच्चों का पालन-पोषण कैसे होगा। घटना के बाद इलाके में भी शोक और आक्रोश का माहौल है।
112 की सूचना पर पहुंची पुलिस, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना पुलिस के आपातकालीन नंबर 112 पर दी गई थी। सूचना मिलते ही पीआरवी मौके पर पहुंची। इसके बाद काकादेव थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की।
परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार
मामले में काकादेव पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी रवि कुमार प्रजापति को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रेस नोट के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी 3 नवंबर 2026 को की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि कुमार प्रजापति पुत्र बबलू उर्फ हीरालाल, निवासी मतैया पुरवा, शास्त्रीनगर, थाना काकादेव के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र करीब 35 वर्ष बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में थाना काकादेव में मुकदमा दर्ज किया गया था आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। 
थाना प्रभारी के नेतृत्व में हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तारी की कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार राय के नेतृत्व में की गई। टीम में शास्त्रीनगर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नितिन कुमार, उपनिरीक्षक गौरी शंकर सिंह, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार और कांस्टेबल अनूप सिंह शामिल रहे।










