
कानपुर नगर। गोविंद नगर में चोरों ने देर रात मोबाइल शॉप को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी कर ली। गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन के पास सी ब्लॉक स्थित मोबाइल हब से चोर करीब 78 मोबाइल फोन और गोलक में रखे 50 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
गोविंद नगर सी ब्लॉक निवासी गोपालश्री शर्मा के मकान के भूतल पर उनके बेटे अंशु की मोबाइल हब नाम से दुकान है। इससे सटी बेकरी उनकी पत्नी सीमा शर्मा चलाती हैं। गोपाल के मुताबिक, सोमवार रात करीब 12 बजे दुकानें बंद हुई थीं। देर रात 1:14 बजे दो नकाबपोश चोर बेकरी का शटर तोड़कर अंदर घुसे और वहां से मोबाइल शॉप में पहुंच गए। चोरों ने दुकान से मोबाइल फोन और नकदी चोरी कर ली।
घटना की सूचना पर गोविंद नगर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।










