कानपुर नगर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय लोक दल कानपुर की ओर से यशोदा नगर बाईपास चौराहा स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सरदार पटेल की प्रतिमा का दुग्धाभिषेक कर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके उपरांत फल वितरण किया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संकल्प दोहराया।
राष्ट्रीय लोक दल उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्रसेवा, दृढ़ इच्छाशक्ति और संघर्ष का प्रतीक है। उनका जन्म 31 अक्टूबर 1875 को गुजरात के नडियाद में एक किसान परिवार में हुआ था। उच्च शिक्षा के लिए लंदन गए पटेल ने मिडिल टेंपल से कानून की पढ़ाई पूरी की और भारत लौटकर अहमदाबाद में वकालत शुरू की।
महात्मा गांधी से प्रेरित होकर उन्होंने खेड़ा आंदोलन में किसानों का नेतृत्व किया और अंग्रेजी हुकूमत से कर में राहत दिलाने के लिए संघर्ष किया। वर्ष 1928 में बारदोली सत्याग्रह की ऐतिहासिक सफलता के बाद वहां की महिलाओं ने उन्हें ‘सरदार’ की उपाधि प्रदान की।
सुरेश गुप्ता ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की 562 रियासतों का एकीकरण कर आधुनिक भारत की नींव मजबूत की। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सरदार पटेल स्वतंत्र भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री थे। देश के एकीकरण में उनके ऐतिहासिक योगदान के कारण उन्हें ‘लौह पुरुष’ और ‘भारत का बिस्मार्क’ कहा जाता है।
राष्ट्रीय लोक दल के महानगर अध्यक्ष मो. उस्मान ने कहा कि सरदार पटेल ने देश को एकता के सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में भाईचारा और सद्भाव बनाए रखना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
महानगर महासचिव बृजराज सिंह राजावत ने कहा कि सरदार पटेल किसानों के सच्चे हितैषी थे। उनका जीवन सादगी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का आदर्श है। युवा पीढ़ी को उनके विचारों और कार्यों से प्रेरणा लेकर देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
प्रमुख रूप से उपस्थित रहे: प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश गुप्ता, महानगर अध्यक्ष मो. उस्मान, महानगर महासचिव बृजराज सिंह राजावत, महासचिव मो. नफीस इदरीसी, कोषाध्यक्ष रॉबिल गुप्ता, नीरज सिंह, सतेंद्र सिंह, मो. असलम, मो. नसीम, योगेश गुप्ता, निहाल, गुड्डन, मजीद मंसूरी, मुस्तफा मंसूरी, इकराम अली सहित अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक।











