


कानपुर नगर। शहर के काकादेव थाना क्षेत्र स्थित मतैया पुरवा की कुम्हार वाली गली में सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे पड़ोसियों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि एक दबंग ने अपने ही पड़ोसी को बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। गंभीर रूप से घायल मजदूर को आरोपी खुद अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी अस्पताल में शव छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। पत्नी, मां और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मामूली विवाद में खूनी संघर्ष, बेरहमी से की गई पिटाई
मिली जानकारी के अनुसार, काकादेव थाना क्षेत्र के मतैया पुरवा स्थित कुम्हार वाली गली निवासी राकेश (35) पुत्र स्वर्गीय राजाराम मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। राकेश शादीशुदा था और उसके चार छोटे बच्चे हैं, जिनमें दो लड़के और दो लड़कियां हैं।
बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे राकेश और उसके पड़ोस में रहने वाले रवि कुमार पुत्र बबलू के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और रवि ने राकेश को इतनी बुरी तरह पीटा कि वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया।
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत, आरोपी फरार
मृतक की मां शांति ने आरोप लगाया कि उनके ही परिवार के रवि कुमार ने उनके बेटे राकेश को बेरहमी से पीटा। गंभीर हालत में आरोपी रवि ही राकेश को अस्पताल लेकर जाने लगा, लेकिन रास्ते में ही राकेश ने दम तोड़ दिया।
आरोप है कि राकेश की मौत के बाद रवि उसे अस्पताल में छोड़कर मौके से फरार हो गया। उधर, घटना की जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे और मृतक के शव को घर ले आए। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई।
चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
राकेश की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक की पत्नी मोनी, मां शांति और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है। राकेश अपने परिवार में अकेला कमाने वाला था और मजदूरी करके बच्चों का पालन-पोषण करता था।
परिजनों और स्थानीय लोगों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि अब राकेश के चार छोटे बच्चों का पालन-पोषण कैसे होगा। घटना के बाद इलाके में भी शोक और आक्रोश का माहौल है।
112 की सूचना पर पहुंची पुलिस, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना पुलिस के आपातकालीन नंबर 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही पीआरवी मौके पर पहुंची और इसके बाद काकादेव थाना प्रभारी धर्वेन कुमार राम को सूचना दी गई। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा।
मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली और तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित
डीसीपी सेंट्रल ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि मृतक राकेश और आरोपी रवि कुमार आपस में रिश्तेदार हैं। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके दौरान राकेश की मौत हो गई।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
फिलहाल, दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक मजदूर की मौत से जहां परिवार उजड़ गया, वहीं चार मासूम बच्चों के भविष्य को लेकर परिजनों की चिंता बढ़ गई है।










