रायबरेली की पी डी ए रैली में उमड़ा जनसैलाब,बुलडोजर से मिली सलामी
कमलेश फाइटर
रायबरेली। गुरुवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने समाजवादी पीडीए रथ से रायबरेली पहुंचकर भाजपा पर जमकर निशाना साधा। लखनऊ से रायबरेली तक जगह-जगह कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। राजकीय इंटर कॉलेज मैदान द्वितीय में आयोजित जनसभा में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान सबसे खास बात यह रही कि उनका स्वागत बुलडोजर से माला पहनाकर किया गया। जनता इस दौरान कहती नजर आई की पीडीए मतलब पेट दर्द एनडीए का ।अखिलेश यादव ने जनसमर्थन के लिए जनता, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों का आभार जताया है ।
अखिलेश यादव ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में पीडीए की आंधी चल रही है। रायबरेली में मुकाबला पीडीए बनाम भाजपा का है, लेकिन ऐसा लगता है कि यह चुनाव ‘लोधी बनाम योगी’ भी हो गया है। उन्होंने कहा कि सपा सकारात्मक राजनीति कर रही है, जबकि भाजपा नकारात्मक राजनीति कर रही है। उनका आरोप था कि जब भाजपा कमजोर पड़ती है तो प्रशासन की आड़ लेती है।
उन्होंने कहा कि पीडीए एक सामाजिक आंदोलन है और इसमें पीड़ित, दुखी तथा अपमानित लोग लगातार एकजुट हो रहे हैं। अखिलेश ने कहा कि जनता का समर्थन मिलने पर विरोधी ताकतें अपने आप मैदान छोड़ देती हैं। उन्होंने पीडीए को संविधान, आरक्षण, लोकतंत्र, हिंदुस्तानियत और भारतीय संस्कृति की रक्षा से जोड़ा है,
इस दौरान श्री यादव ने 2024 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा को पहले भी हराया जा चुका है और 2027 के विधानसभा चुनाव में उसका “परमानेंट सफाया” किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता अपने वोट के ‘बुलडोजर’ से भाजपा को हराने का काम करेगी। साथ ही उन्होंने सामाजिक भेदभाव खत्म करने की बात कही।
भाजपा पर धार्मिक और सामाजिक आधार पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए अखिलेश ने काशी में बुलडोजर कार्रवाई, घाटों और मंदिरों से जुड़े मुद्दों का उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सांप्रदायिक राजनीति कर भाईचारा खत्म करना चाहती है, जबकि सपा प्रेम और भाईचारा बढ़ाना चाहती है।
उन्होंने कहा कि सपा सभी वर्गों को एकजुट कर भाईचारे पर आधारित समाज बनाने की दिशा में काम करेगी। अखिलेश ने कार्यकर्ताओं से अपने लोगों के साथ प्रेम, दया और अपनापन बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे पीडीए और मजबूत होगा। जनसभा में उन्होंने विधायक राहुल लोधी समेत पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के समर्थन की भी सराहना की है ।
विशेष बॉक्स में
अखिलेश यादव के भाषण की प्रमुख बातें
1. “मैं अपने कार्यकर्ताओं से कहना चाहूंगा कि 2027 के चुनाव के लिए हर विधानसभा क्षेत्र में 27 हजार वोट बढ़ाने का काम करें।”
2. “ये लोग जो बुलडोजर लेकर घूम रहे हैं, वे अपने स्वजातीय लोगों के खिलाफ बुलडोजर नहीं चलाते। कोई तालाब की जमीन या किसी के घर पर कब्जा कर ले, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती।”
3. “लोकतंत्र में इससे घटिया काम कभी नहीं हुआ होगा, जैसा इस चुनाव आयोग ने किया है।”
4. “ये वही नकली हिंदू हैं, जिन्होंने धरती की सबसे पुरानी नगरी काशी में बुलडोजर चलाकर न जाने कितने मंदिरों को तोड़ने का काम किया।”
5. “रथ हमारे देश की संस्कृति में कुरुक्षेत्र और महाभारत का प्रतीक रहा है। इसी तरह के रथ पर भगवान कृष्ण ने अर्जुन को गीता का संदेश दिया था।”
6. “जहां हम सकारात्मक राजनीति कर रहे हैं, वहीं भारतीय जनता पार्टी नकारात्मक राजनीति कर रही है। जब भाजपा के लोग जनसमर्थन का मुकाबला नहीं कर पाते, तो प्रशासन को आगे कर देते हैं।”
7. “रायबरेली में देखने को मिल रहा है कि मुकाबला पीडीए बनाम भारतीय जनता पार्टी का तो है ही, लेकिन कहीं यह लोधी बनाम योगी का चुनाव तो नहीं हो गया है?”
8. “लाखों लोगों ने जो समर्थन दिया है, उसके लिए मैं एक-एक नौजवान और बुजुर्ग का बहुत-बहुत आभार प्रकट करता हूं।”
9. “इन प्रभुत्ववादी और वर्चस्ववादी लोगों से हमारी लड़ाई आज की नहीं है। पीडीए के आंदोलन के माध्यम से तमाम पीड़ित, दुखी और अपमानित लोग एकजुट होते जा रहे हैं।”
10. “अभी-अभी 2024 में हम लोगों ने इन्हें हराया है। 2027 में इनका स्थायी रूप से सफाया करने का काम करेंगे। यह हमारी हजारों साल पुरानी लड़ाई है।”
11. “इस बार पीडीए के लोगों ने अपनी ताकत और अपनी संख्या का एहसास कर लिया है। अब न झुकने वाले हैं और न पीछे हटने वाले हैं।”
12. “पीडीए के लोग संविधान, आरक्षण और लोकतंत्र को बचाने के लिए खड़े हैं।”
13. “बताइए, करोड़ों-करोड़ों श्रद्धालुओं और आस्थावान लोगों के चढ़ावे की चोरी किसने की है?”





