
कमलेश फाइटर | कानपुर।
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) परिसर में अब विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और सनातन ज्ञान परंपरा का संदेश भी मिलेगा। विश्वविद्यालय में इस्कॉन (इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस) के सहयोग से भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन के रथ की भव्य प्रतिमा स्थापित की जा रही है। इसमें महाभारत के कुरुक्षेत्र युद्ध के दौरान भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को श्रीमद्भगवद्गीता का उपदेश देते हुए स्वरूप को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रतिमा का निर्माण विश्वविद्यालय परिसर के हेलीपैड तिराहे पर कराया जा रहा है।
कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन में हो रही इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा और जीवन दर्शन से जोड़ना है। खास बात यह है कि प्रतिमा स्थापित होने के बाद यहां सुबह और शाम श्रीमद्भगवद्गीता का सार भी प्रसारित किया जाएगा। इससे पहले विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित भगवान शिव के नटराज स्वरूप की प्रतिमा के समीप सुबह-शाम भजन और गोस्वामी तुलसीदास रचित श्रीरामचरितमानस की प्रेरणादायक चौपाइयों का प्रसारण किया जाता है। अब गीता सार के प्रसारण से इस आध्यात्मिक पहल को और विस्तार मिलेगा।
कर्म और कर्तव्य का संदेश देंगे श्रीकृष्ण
महाभारत के युद्ध में जब अर्जुन अपने ही परिजनों और गुरुजनों को सामने देखकर धर्म और कर्तव्य को लेकर संशय में पड़ गए थे, तब भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें गीता का उपदेश दिया था। निष्काम कर्म, आत्मसंयम, समभाव और कर्तव्यनिष्ठा का यह संदेश आज भी प्रासंगिक माना जाता है। गीता का प्रसिद्ध श्लोक ‘कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन’ विद्यार्थियों को परिणाम की चिंता किए बिना पूरी निष्ठा से कर्म करने की प्रेरणा देता है।
परिसर में पहले से स्थापित हैं सांस्कृतिक प्रतीक
विश्वविद्यालय परिसर में भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए पहले भी महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। यहां गोस्वामी तुलसीदास की प्रतिमा और भगवान शिव के नटराज स्वरूप की प्रतिमा स्थापित है। तुलसीदास की प्रतिमा भारतीय भक्ति साहित्य और रामचरितमानस की परंपरा का प्रतिनिधित्व करती है, जबकि नटराज स्वरूप सृजन, संरक्षण और परिवर्तन के दार्शनिक भाव को दर्शाता है। अब श्रीकृष्ण-अर्जुन के रथ की प्रतिमा के माध्यम से कर्मयोग और गीता दर्शन का संदेश भी परिसर में दिखाई देगा।
शोध पीठों के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा को बढ़ावा
विश्वविद्यालय में भारतीय दर्शन और सांस्कृतिक विरासत के अकादमिक अध्ययन के लिए श्रीमद्भगवद्गीता वाङ्मय शोध पीठ, जैन शोध पीठ और गुरु तेग बहादुर शोध पीठ स्थापित की गई हैं। इसके अलावा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों और दर्शन के अध्ययन के लिए दीनदयाल पीठ भी संचालित है। इनके माध्यम से विद्यार्थियों और शोधार्थियों को भारतीय प्राच्य विद्याओं, दर्शन, सामाजिक समरसता और महापुरुषों के विचारों के अध्ययन का अवसर मिल रहा है।
विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि आधुनिक शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में नैतिकता, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और सांस्कृतिक चेतना का विकास भी जरूरी है। इसी सोच के तहत प्रतिमाओं की स्थापना, भजन, रामचरितमानस की चौपाइयों और गीता सार के नियमित प्रसारण की योजना बनाई गई है। विश्वविद्यालय परिसर में होने वाली यह पहल शिक्षा के साथ संस्कार और जीवन मूल्यों के समन्वय का संदेश देगी।









