
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर बुधवार शाम चौरी चौरा एक्सप्रेस के चार एसी कोच बेपटरी होने से हड़कंप मच गया। स्टेशन से रवाना होने के महज दो मिनट बाद हुए इस हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि रेलवे प्रशासन के मुताबिक किसी यात्री की जान नहीं गई और न ही किसी के हताहत होने की सूचना है।
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 15003 चौरी चौरा एक्सप्रेस कानपुर से गोरखपुर जा रही थी। ट्रेन शाम करीब 5:03 बजे कानपुर सेंट्रल के प्लेटफॉर्म नंबर सात से रवाना हुई। इसके ठीक दो मिनट बाद करीब 5:05 बजे ट्रेन के चार एसी कोच B-4, B-5, B-6 और B-7 की एक-एक ट्रॉली पटरी से उतर गई। अचानक हुए झटके और कोचों के बेपटरी होने से यात्रियों में दहशत फैल गई।
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी टीमें, आरपीएफ और जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचे। प्रभावित कोचों में सवार यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ट्रैक और कोचों का निरीक्षण शुरू किया गया। प्रयागराज से भी वरिष्ठ रेल अधिकारियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
डिप्टी सीटीएम ने की हादसे की पुष्टि
कानपुर सेंट्रल के डिप्टी चीफ ट्रैफिक मैनेजर आकांशु गोविल ने बताया कि चौरी चौरा एक्सप्रेस के चार कोच बेपटरी हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। रेलवे प्रशासन का पूरा जोर परिचालन बहाल करने और यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने पर है।
चार कोच छोड़कर ट्रेन आगे भेजने की तैयारी
रेलवे की ओर से प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बेपटरी हुए चार कोचों को अलग कर ट्रेन के शेष हिस्से को प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर ले जाने और आवश्यक सुरक्षा जांच के बाद आगे रवाना करने की तैयारी की गई। यात्रा नहीं करने वाले प्रभावित यात्रियों को टिकट का शत-प्रतिशत रिफंड देने की व्यवस्था की जानकारी भी सामने आई है ।
हादसे का असर दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग के परिचालन पर भी पड़ा है ।नई दिल्ली से वाराणसी जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस को भरथना स्टेशन पर करीब 30 मिनट रोकना पड़ा।
जांच के बाद सामने आएगी हादसे की वजह
फिलहाल चार कोचों के बेपटरी होने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है। रेलवे की तकनीकी टीम ट्रैक और प्रभावित कोचों की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के बाद ही दुर्घटना की असली वजह सामने आएगी। फिलहाल रेलवे प्रशासन के सामने परिचालन सामान्य करने और यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की चुनौती है।









