कानपुर नगर कमिश्नरेट पुलिस ने थाना क्षेत्र में हुई एक हत्या की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आयुक्त महोदय के निर्देशानुसार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस टीम को यह बड़ी सफलता हाथ लगी है।
मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 01.11.2026 को थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या की वारदात घटित हुई थी। इस संबंध में पुलिस ने मुकदमा संख्या 335/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2) और 103(1) के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया था। वारदात के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) व अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) के कुशल निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त घाटमपुर के पर्यवेक्षण में साढ़ थाना पुलिस ने दिनांक 02.11.2026 को ग्राम गम्भीरपुर के पास मिक्चर प्लांट के पास से घेराबंदी कर तीनों नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में ग्राम गम्भीरपुर निवासी 34 वर्षीय विकास अवस्थी (पुत्र कालिका प्रसाद अवस्थी उर्फ कल्लू), 55 वर्षीय बबली (पत्नी कालिका प्रसाद अवस्थी उर्फ कल्लू) और 30 वर्षीय रमा (पत्नी विकास अवस्थी) शामिल हैं। पुलिस द्वारा इन सभी आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए भेजा जा रहा है।










