


कमलेश फाइटर
कानपुर नगर। देश के प्रमुख औद्योगिक घरानों में शामिल सिंघानिया परिवार के सदस्य प्रणवपत सिंघानिया को कथित तौर पर बंधक बनाकर करोड़ों रुपये की संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर स्वरूप नगर पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर अनूप अस्थाना, उसके बेटे सुयश अस्थाना, मेडिकल स्टोर संचालक श्रीराम उर्फ रमित मिश्रा, बृजेन्द्र नाथ मिश्रा उर्फ बेबी बिल्डर समेत 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य की भूमिका की जांच की जा रही है।
दोस्ती का फायदा उठाकर संपत्तियों की जानकारी जुटाने का आरोप
राधा कुंज, कालपी रोड निवासी प्रणवपत सिंघानिया के मुताबिक, वर्ष 2020 से उनकी सुयश अस्थाना से दोस्ती थी। दोनों देर रात तक गाड़ियों से घूमते थे। पीड़ित का आरोप है कि इसी नजदीकी का फायदा उठाकर सुयश ने उन्हें गांजा पीने की आदत डलवाई और उनकी संपत्तियों के बारे में जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद उनकी बेशकीमती जमीनों को हासिल करने की साजिश रची गई।
पीड़ित के अनुसार, सुयश ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि उसके पिता कानपुर के बड़े बिल्डर हैं और वह उनकी जमीनों के अच्छे दाम दिलवा सकता है। हालांकि, उन्होंने शुरुआत में इस प्रस्ताव से इनकार कर दिया था।
नशीला पदार्थ देकर बंधक बनाने का आरोप
प्रणवपत के अनुसार, मई 2024 में रात करीब साढ़े नौ बजे उनकी मुलाकात बेनाझाबर स्थित जल संस्थान के सामने सुयश से हुई। सुयश ने उन्हें नशा करने के लिए कहा, लेकिन मना करने पर होटल में खाने-पीने चलने का प्रस्ताव दिया। इसी दौरान एक होंडा एकॉर्ड कार वहां पहुंची, जिसे सुयश के पिता अनूप अस्थाना चला रहे थे। कार की पिछली सीट पर श्रीराम भी बैठा था। पीड़ित का कहना है कि वह अनूप और श्रीराम को पहले से जानता था, इसलिए सुयश के साथ कार में बैठ गया।
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद जब उन्हें होश आया तो वह अनूप अस्थाना के कार्यालय में बंधक थे। वहां उनके साथ मारपीट की गई और संपत्तियां नाम करने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर नशीले इंजेक्शन की ओवरडोज देकर बेहोश करने और सादे कागजों पर हस्ताक्षर व अंगूठे के निशान लेने के बाद करोड़ों रुपये की जमीनों के रजिस्टर्ड एग्रीमेंट कराने का आरोप लगाया गया है।
कार्यालय से होटलों तक बंधक रखने का दावा
पीड़ित के मुताबिक, उन्हें कई दिनों तक कार्यालय में बंधक बनाकर रखा गया। बाद में जुलाई 2024 के अंतिम दिनों में उन्हें रॉयल क्लिफ होटल ले जाया गया। इसके बाद अगस्त के अंतिम सप्ताह में रिजेंटा होटल में रखा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान उन्हें किसी से मिलने-जुलने नहीं दिया गया और अलग-अलग स्थानों पर बंधक बनाकर रखा गया।
150 करोड़ रुपये की जमीनों के एग्रीमेंट का आरोप
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल के मुताबिक, मामले में फजलगंज के दर्शनपुरवा स्थित कमला क्लब क्षेत्र की करीब 3,500 वर्गमीटर जमीन और कोपरगंज में हमराज कॉम्प्लेक्स के पास स्थित दूसरी संपत्ति के एग्रीमेंट का मामला सामने आया है। पीड़ित के आरोपों के अनुसार, इन दोनों संपत्तियों की कुल कीमत करीब 150 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।
पीड़ित का दावा है कि पहली जमीन के लिए महज तीन लाख रुपये दिए गए, जबकि दूसरी संपत्ति के मामले में भी कथित तौर पर तीन लाख रुपये देकर लिखापढ़ी कराई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि छह करोड़ रुपये भुगतान का वादा किया गया था। खाते में 2.45 करोड़ रुपये ट्रांसफर करने के बाद 2.40 करोड़ रुपये दूसरे खातों में वापस ले लिए गए। शेष पांच लाख रुपये होटल के बिल में समायोजित कर दिए गए, जबकि उन्हें व्यक्तिगत रूप से कोई रकम नहीं मिली।
तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में सुयश अस्थाना, हैलट अस्पताल के सामने मां केमिस्ट मेडिकल स्टोर के संचालक श्रीराम उर्फ रमित मिश्रा और बृजेन्द्र नाथ मिश्रा उर्फ बेबी बिल्डर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। प्रॉपर्टी डीलर अनूप अस्थाना समेत अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस आयुक्त के अनुसार, मामले में अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। जांच के दौरान दूसरे बिल्डरों और प्रभावशाली लोगों की भूमिका भी सामने आने पर उनसे पूछताछ की जा सकती है।
फिलहाल, संपत्तियों के एग्रीमेंट, कथित लेनदेन और बंधक बनाए जाने के आरोपों की जांच जारी है। मामले में आरोपों की अंतिम पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर होगी।










