रिपोर्ट: ऋषि श्रीवास्तव
कानपुर नगर। कमिश्नरेट कानपुर नगर की साढ़ पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को वारदात के महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी मोहित अवस्थी उर्फ कल्लू को आईटीआई ग्राम गंभीरपुर के पास से दबोचा। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के मुताबिक, थाना साढ़ क्षेत्र में एक नवंबर 2026 को हत्या की वारदात सामने आई थी। मामले में पुलिस ने मुकदमा संख्या 335/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2)/103(1) में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू की थी। घटना के बाद से ही आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें जुटी थीं।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
तीन नवंबर को सटीक सूचना मिलने पर थाना साढ़ पुलिस ने आईटीआई ग्राम गंभीरपुर के पास घेराबंदी की। इस दौरान हत्या के मामले में वांछित 25 वर्षीय मोहित अवस्थी उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ग्राम गंभीरपुर का निवासी बताया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
उच्चाधिकारियों के निर्देशन में चला अभियान
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट कानपुर नगर के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त दक्षिण, अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिण और सहायक पुलिस आयुक्त घाटमपुर के पर्यवेक्षण में की गई। थाना साढ़ के प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अमन पाण्डेय, हेड कांस्टेबल ओमकार सिंह और कांस्टेबल अमित कुमार की टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
गिरफ्तार आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी कमिश्नरेट के अन्य
थानों से जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। साढ़ पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को हत्या के मामले में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।










