
ऋषि श्रीवास्तव
साढ़, कानपुर नगर। साढ़ थाना क्षेत्र में हुए अतुल हत्याकांड में कानपुर नगर कमिश्नरेट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सोमवार, 2 नवंबर को ग्राम गंभीरपुर के पास मिक्चर प्लांट के नजदीक घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की गई।
वहीं, हत्याकांड के बाद मृतक के परिवार से मिलने पहुंचे बिठूर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने पीड़ित परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। विधायक ने परिवार की ओर से मुकदमे की पैरवी के लिए अपनी तरफ से मुफ्त वकील उपलब्ध कराने और उसका पूरा खर्च स्वयं वहन करने का ऐलान किया।
24 घंटे के भीतर पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को साढ़ थाना क्षेत्र में अतुल की हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई थी। घटना के संबंध में थाना साढ़ में मुकदमा संख्या 335/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2) और 103(1) में अभियोग पंजीकृत किया गया था।
घटना के बाद पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुट गई थी। पुलिस उपायुक्त दक्षिण एवं अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिण के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त घाटमपुर के पर्यवेक्षण में साढ़ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 नवंबर को ग्राम गंभीरपुर के पास मिक्चर प्लांट के नजदीक से तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम गंभीरपुर निवासी विकास अवस्थी (34) पुत्र कालिका प्रसाद अवस्थी उर्फ कल्लू, बबली (55) पत्नी कालिका प्रसाद अवस्थी उर्फ कल्लू तथा रमा (30) पत्नी विकास अवस्थी शामिल हैं।
पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
मृतक के परिजनों से मिले विधायक सांगा, मुफ्त वकील देने का किया ऐलान
अतुल हत्याकांड के बाद सोमवार देर शाम बिठूर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अभिजीत सिंह सांगा मृतक के आवास पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने कहा कि इस कठिन समय में वह पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। परिवार को न्याय दिलाने के लिए उनकी ओर से मुफ्त वकील की व्यवस्था की जाएगी और वकील का पूरा खर्च वह स्वयं वहन करेंगे।
30 दिन में चार्जशीट दाखिल करने के निर्देश
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने मौके पर मौजूद कस्बा चौकी प्रभारी अमन पांडे को घटना में शामिल शेष आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस से कहा कि मामले में निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
विधायक ने पुलिस को 30 दिनों के भीतर न्यायालय में चार्जशीट दाखिल करने की हिदायत भी दी, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जा सके।
इस दौरान स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।
अतुल हत्याकांड में पुलिस की त्वरित गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को विधायक की ओर से कानूनी सहायता के आश्वासन के बाद अब सभी की निगाहें मामले की आगे की जांच और न्यायिक कार्रवाई पर टिकी हैं।










