कानपुर नगर। स्कूलों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को बम विस्फोट की धमकियां देने के लिए इस्तेमाल की जा रही फर्जी ई-मेल आईडी के नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है। उत्तर प्रदेश एटीएस ने कानपुर नगर से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जिस पर फर्जी पहचान और प्रॉक्सी नेटवर्क के जरिए बड़ी संख्या में फर्जी ई-मेल आईडी तैयार कर उन्हें पाकिस्तान, बांग्लादेश समेत विभिन्न देशों के लोगों को बेचने का आरोप है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, इन ई-मेल आईडी का इस्तेमाल देश के विभिन्न राज्यों में स्कूलों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को बम विस्फोट की धमकियां भेजने के लिए किया जाता था।
एटीएस की जांच में अभियुक्त के लैपटॉप से करीब पांच लाख ई-मेल आईडी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। इनमें ऐसी ई-मेल आईडी भी शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल 12 अक्टूबर 2026 को नोएडा के विभिन्न स्कूलों और अन्य स्थानों तथा 23 अक्टूबर 2026 को मुंबई मेयर कार्यालय को बम विस्फोट की धमकियां भेजने में किया गया था।
वर्ष 2021 से बना रहा था फर्जी ई-मेल आईडी
जांच के अनुसार, अभियुक्त वर्ष 2021 से छद्म ई-मेल आईडी तैयार करने के काम में जुटा था। वह फेसबुक के ‘Buy & Sell’ ग्रुपों और व्हाट्सएप के माध्यम से विदेशी संपर्कों से जुड़ता था। इसके बाद तैयार की गई ई-मेल आईडी, पासवर्ड, रिकवरी ई-मेल और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन से संबंधित विवरण एक्सेल शीट में उपलब्ध कराता था। इस तरह ई-मेल खातों का पूरा एक्सेस खरीदारों तक पहुंचाया जाता था।
Binance Crypto Wallet से मिलता था भुगतान
अभियुक्त इस नेटवर्क के जरिए ई-मेल आईडी बेचने के बदले क्रिप्टोकरेंसी में भुगतान प्राप्त करता था। जांच में उसके मोबाइल से ऐसे साक्ष्य मिले हैं, जिनसे एक बांग्लादेशी नागरिक को ई-मेल आईडी उपलब्ध कराने के बदले 6,000 USDT प्राप्त होने की जानकारी सामने आई है। भुगतान के लिए Binance Crypto Wallet का इस्तेमाल किए जाने के साक्ष्य भी मिले हैं।
पाकिस्तान, बांग्लादेश से लेकर अमेरिका तक संपर्क
अभियुक्त के मोबाइल में मिले व्हाट्सएप विवरण की जांच में पाकिस्तान, बांग्लादेश, मिस्र, तुर्की और अमेरिका सहित विभिन्न देशों के मोबाइल नंबरों से संपर्क सामने आए हैं। इसके साथ ही बड़ी मात्रा में USDT के लेन-देन की जानकारी भी मिली है। एजेंसियां अब इन विदेशी संपर्कों, क्रिप्टोकरेंसी के लेन-देन और ई-मेल आईडी के वास्तविक इस्तेमाल की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं।
पांच लाख ई-मेल आईडी से खुल सकता है बड़ा नेटवर्क
लैपटॉप में मिली एक्सेल फाइलों में लगभग पांच लाख ई-मेल आईडी का मिलना जांच एजेंसियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन आईडी में धमकी भरे ई-मेल भेजने के लिए इस्तेमाल किए गए खातों की मौजूदगी से मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। जांच का दायरा अब उन लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है, जिन्होंने इन ई-मेल आईडी को खरीदा और उनका इस्तेमाल स्कूलों तथा महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को धमकियां देने में किया।
एटीएस की कार्रवाई से फर्जी ई-मेल आईडी की खरीद-फरोख्त और साइबर नेटवर्क के जरिए धमकी देने वाले अंतरराष्ट्रीय संपर्कों का बड़ा खुलासा हुआ है। मामले में आगे की जांच जारी है।








