कानपुर। चर्चित दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक के बेटे सुब्रत मिनोचा को मुख्य साजिशकर्ता के रूप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), सीसीटीवी फुटेज, बरामदगी और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर सुब्रत की भूमिका सामने आई।
पुलिस के मुताबिक सुब्रत पर करीब 40 से 50 लाख रुपये का कर्ज था। इसके अलावा जुआ-सट्टे की गतिविधियों और संपत्ति से जुड़े कारणों को भी हत्या की साजिश के पीछे की वजह बताया गया है। जांच में सामने आया कि सुब्रत ने विशाल गौतम और राजकिशोर के साथ मिलकर कथित तौर पर अपने पिता विनीत मिनोचा की हत्या की साजिश रची।
हत्याकांड की शुरुआती जांच के दौरान पूर्व में गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने मृतक की पुत्रवधू शालू का नाम लिया था। इसके आधार पर पुलिस ने उसकी भूमिका की भी जांच की। हालांकि, पुलिस के अनुसार विस्तृत विवेचना और उपलब्ध साक्ष्यों के परीक्षण के दौरान शालू के खिलाफ आरोपों की पुष्टि करने वाला कोई पुष्टिकारक साक्ष्य नहीं मिला।
इसके बाद पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक और वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ आरोपियों से पूछताछ के तथ्यों का मिलान किया। जांच में सुब्रत की भूमिका महत्वपूर्ण रूप से सामने आने पर उसे मुख्य साजिशकर्ता के तौर पर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विवेचना जारी है और हत्या की साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका तथा घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने प्रेसवार्ता में हत्याकांड के खुलासे की जानकारी दी। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।






