
कानपुर नगर के थाना फजलगंज क्षेत्र में मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। यहां कुछ युवकों ने 17 वर्षीय दलित किशोर हर्षित की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावरों की बेरहमी और चाकू लगने के बाद जिंदगी बचाने के लिए किशोर का संघर्ष दिखाई दे रहा है। चाकू से हमला होने के बाद भी हर्षित कुछ देर तक खुद को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन गंभीर चोट लगने के कारण वह लड़खड़ाकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
जानकारी के अनुसार, फजलगंज थाना क्षेत्र में कांच वाले मंदिर के पास रहने वाले महेश कुमार अहिरवार मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनका 17 वर्षीय बेटा हर्षित एक कपड़े की दुकान पर काम करता था। बताया जाता है कि दर्शन पूरवा में रात्रि करीब दस बजे के करीब चाचा लस्सी में काम करने वाले दो युवकों समेत कुछ अन्य से हर्षित का विवाद हुआ ।इस विवाद में अक्षत, राजे और नन्कू नाम के युवकों के अलावा अन्य से कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने हर्षित पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के दौरान युवकों ने हर्षित को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच एक युवक ने उस पर चाकू से वार कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में भी एक युवक द्वारा चाकू से हमला किए जाने का दृश्य सामने आया है। चाकू लगने के बाद हर्षित खुद को बचाने के लिए संघर्ष करता दिखाई देता है, लेकिन कुछ ही देर में वह जमीन पर गिर पड़ता है।
पिता को पड़ोसी से मिली बेटे पर हमले की सूचना
हर्षित के पिता महेश कुमार अहिरवार ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी तत्काल नहीं मिल सकी। एक पड़ोसी के माध्यम से बेटे पर हमले की सूचना मिली। वह आनन-फानन में अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने हर्षित को मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताई वारदात की कहानी
घटना के प्रत्यक्षदर्शी संदीप जायसवाल के मुताबिक, पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। उन्होंने बताया कि करीब चार युवक हर्षित के साथ मारपीट कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने चाकू मार दिया, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद उसे अस्पताल ले जाने में भी देरी हुई। हालांकि, इस दौरान किसने कितनी देर तक इंतजार किया और अस्पताल पहुंचाने में देरी की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी पुष्टि जांच में होनी बाकी है।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, आरोपियों की तलाश शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही फजलगंज थाना पुलिस और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी। परिजनों की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को भी जांच का हिस्सा बना रही है, ताकि हमले में शामिल सभी लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों ने हर्षित के शव को कब्रिस्तान में दफना दिया गया है ।महज 17 वर्ष की उम्र में एक किशोर की इस तरह हत्या किए जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अब परिवार को न्याय का इंतजार है और पुलिस के सामने आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या के पीछे की पूरी वजह उजागर करने की चुनौती है।








