
कानपुर नगर के काकादेव थाना क्षेत्र में सड़क पर पेशाब करने से रोकने को लेकर हुए विवाद में एक अधेड़ की कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई कर दी गई। आरोप है कि शराब के नशे में युवकों ने सोनू गुप्ता (सविता) के सिर पर ईंट से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल सोनू की सोमवार देर शाम उपचार के दौरान मौत हो गई। पूरी घटना घटनास्थल के पास लगे CCTV कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है।
मिली जानकारी के अनुसार, नवीन नगर निवासी सोनू गुप्ता शनिवार रात करीब 11 बजे अपनी दुकान बंद कर घर जा रहे थे। इसी दौरान ओम चौराहे के पास कुछ युवक कथित तौर पर शराब के नशे में खड़े थे। आरोप है कि उनमें से एक युवक सड़क किनारे बने ओम के पास पेशाब करने लगा। सोनू ने उसे ऐसा करने से रोका तो विवाद शुरू हो गया।
परिजनों का आरोप है कि युवक ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके साथ मौजूद अन्य लोगों ने सोनू को घेरकर मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उनके सिर पर ईंट से कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने सोनू को उपचार के लिए पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उन्हें अनुराग अस्पताल रेफर किया गया। करीब दो दिन उपचार के बाद सोमवार देर शाम उनकी मौत हो गई।
CCTV में कैद हुई मारपीट
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को तहरीर के साथ घटनास्थल का CCTV फुटेज भी उपलब्ध कराया। पुलिस के अनुसार, फुटेज में चार युवक मारपीट करते दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

मंगलवार को मृतक के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों ने आरोप लगाया कि मामूली बात को लेकर सोनू के साथ मारपीट की गई, जिसके कारण उनकी जान चली गई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस का कहना है कि तहरीर और CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आरोपियों के आपराधिक इतिहास का भी दावा
क्षेत्रीय सूत्रों के अनुसार, मारपीट की घटना में शामिल कुछ युवकों का आपराधिक इतिहास होने की बात सामने आ रही है। सूत्रों ने आरोपियों में कुछ के हिस्ट्रीशीटर होने का भी दावा किया है। हालांकि, इस दावे की पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सूत्रों के अनुसार आरोपी शास्त्री नगर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने तीन संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देने की बात सामने आई है। मामले में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और आगे की कार्रवाई का इंतजार है।









