कानपुर। भारत विकास परिषद ब्रह्मावर्त प्रांत की पांचजन्य शाखा की ओर से रविवार को दामोदर नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कानपुर दक्षिण क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। देशभक्ति और भारतीय संस्कृति से ओतप्रोत गीतों की प्रस्तुतियों ने वातावरण को राष्ट्रभावना से भर दिया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हिंदी और संस्कृत के समूहगान प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों के दौरान पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट और भारत माता के जयघोष से गूंजता रहा। हिंदी समूहगान प्रतियोगिता में रघुवंश एकेडमी की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। बीएल स्मारक ने द्वितीय तथा रमन इंटर कॉलेज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। संस्कृत समूहगान में भी रघुवंश एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान अपने नाम किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीडब्ल्यूसी) देवेंद्र प्रताप सिंह रहे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक उपेंद्र की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रत्नेश अवस्थी ने विद्यार्थियों को सफलता और निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में संगीतकार सुरेश गुप्ता, वरिष्ठ संगीतकार अनूप श्रीवास्तव और गौरांग (बंगाली दादा) शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागी टीमों के हिंदी और संस्कृत गीतों की प्रस्तुति, सुर, ताल और भाव पक्ष का मूल्यांकन कर परिणाम घोषित किए।
कार्यक्रम का संचालन पांचजन्य शाखा के अध्यक्ष श्याम कुमार सिन्हा और महिला संयोजिका कुसुम सिंह ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम की सफलता में प्रधानाचार्य रत्नेश अवस्थी का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर भारत विकास परिषद के वरिष्ठ सदस्य उमेश गुप्ता और पीएन दीक्षित समेत अन्य पदाधिकारी, शिक्षक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समापन अवसर पर कार्यक्रम के सह-अध्यक्ष सुरेश कुमार भांबरी और कोषाध्यक्ष ने अतिथियों, निर्णायक मंडल, शिक्षकों, कार्यकर्ताओं और प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।













