कानपुर। थाना अनवरगंज क्षेत्र में थाईलैंड की एक महिला ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर करीब 60 लाख रुपये हड़पने, संपर्क तोड़ने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला के मुताबिक सोशल मीडिया के जरिए उसकी दोस्ती अनवरगंज निवासी इरफान से हुई थी। महिला का आरोप है कि इरफान ने थाईलैंड जाकर खुद को अविवाहित बताया और शादी का झांसा देकर उससे विवाह किया।
महिला के अनुसार, शादी के बाद अलग-अलग माध्यमों से उससे करीब 60 लाख रुपये लिए गए और बाद में आरोपी ने उससे संपर्क खत्म कर दिया। आरोपी की तलाश में जब महिला कानपुर स्थित उसके घर पहुंची तो कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की गई। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया और कहा गया कि धर्म परिवर्तन के बाद ही उसके साथ वैवाहिक जीवन बिताया जाएगा।
शिकायत मिलने के बाद थाना अनवरगंज में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
महिला ने पुलिस को बताया कि वह थाईलैंड में कैंटीन और रेस्टोरेंट का कारोबार करती हैं। पुलिस अब 60 लाख रुपये के लेन-देन और महिला द्वारा रिश्तेदारों से उधार लेकर रकम देने के दावे समेत सभी तथ्यों का सत्यापन कर रही है।
बाइट: पुलिस उपायुक्त सेंट्रल, अतुल श्रीवास्तव





