kamleshfighter
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ के लोक भवन में उत्तर प्रदेश पुलिस में चयनित 470 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें 43 उपनिरीक्षक, 295 सिविल पुलिस आरक्षी और 132 पीएसी आरक्षी शामिल हैं।
नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले PDA यानी ‘प्रदेश डुबाओ अलायंस’ था, जबकि अब NDA यानी ‘नौकरी देंगे अलायंस’ की सरकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार में नौकरी के लिए सैफई या सिफारिश की जरूरत पड़ती थी, जबकि आज नियुक्तियां प्रतिभा और मेहनत के आधार पर हो रही हैं।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार ने करीब 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है, जबकि उन्होंने पिछली समाजवादी पार्टी सरकार पर 10 लाख गुंडों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। सपा के रोजगार संबंधी दावों पर तंज कसते हुए उन्होंने उसकी तुलना पानी में बैठे मगरमच्छ के शांति का उपदेश देने से की।
सबसे ज्यादा चर्चा योगी के उस बयान की हुई जिसमें उन्होंने युवाओं से कहा कि शराब और समाजवादी पार्टी—दोनों से सावधान रहना चाहिए, क्योंकि उनके मुताबिक दोनों ने प्रदेश को बर्बाद किया है। उन्होंने खिलाड़ियों से नशे के खिलाफ अभियान में आगे आने की अपील भी की।
योगी ने खिलाड़ियों से कहा कि उनकी ‘जर्सी से वर्दी’ की यात्रा अब शुरू हुई है और जिस अनुशासन, मेहनत और टीम भावना के साथ उन्होंने खेल के मैदान में प्रदर्शन किया, उसी भावना के साथ पुलिस सेवा में भी काम करना होगा।





